लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया, जांच जारी
गंगधार (झालावाड़)।
झालावाड़ जिले के गंगधार थाना क्षेत्र में मल्हारगंज और पीपाखेड़ी गांव के बीच नवजात गाय के बछड़े का कटा हुआ सिर मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में गोरक्षक दल और बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर एकत्र हो गए।
सूचना पर गंगधार थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और कटा हुआ सिर अपने कब्जे में लिया। स्थिति को देखते हुए पुलिस द्वारा शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए गए।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
गंगधार पुलिस उपाधीक्षक हेमंत गौतम ने बताया कि पीपाखेड़ी और मल्हारगंज गांव के बीच नवजात गोवंश का सिर पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और अवशेषों को कब्जे में लेकर चौमहला पशु चिकित्सालय भिजवाया गया, जहां पोस्टमार्टम कराया गया है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है।
उन्होंने बताया कि मामले में सूचना के आधार पर प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। प्रथम दृष्टया यह किसी जंगली या अन्य जानवर द्वारा नोचे जाने का मामला प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
दोषी पाए जाने पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस उपाधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने के बाद यदि किसी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
















































