लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्ट: बनी सिंह मीना
गंगापुर सिटी (सवाई माधोपुर)। गंगापुर सिटी में रविवार देर शाम 20 वर्षीय विवाहिता मोनिका लोधा ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मोनिका लोधा का विवाह करीब एक वर्ष पूर्व 25 नवंबर 2025 को उदय सिंह से हुआ था। दोनों परिवार से अलग किराए के मकान में रह रहे थे। रविवार शाम मोनिका के पति उदय सिंह बाजार सब्जी लेने गए हुए थे। इसी दौरान मोनिका ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
कुछ समय बाद पति के लौटने पर घटना का पता चला और लोगों की मदद से महिला को नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पाकर कोतवाली थाना गंगापुर सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल गंगापुर सिटी की मोर्चरी में रखवाया।
मृतका का पति डीजे का कार्य करता है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई परिजनों के पहुंचने के बाद की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



















































