लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक): उपखंड क्षेत्र के सबसे बड़े गलवा बांध की मुख्य नहर बुधवार रात टूट जाने से नैनवां रोड स्थित बागर बस्ती के कई घरों में पानी भर गया। भीषण सर्दी में यह स्थिति लोगों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बनी।
बागर बस्ती के निवासी मुन्नाखां, निसार अहमद, सत्यनारायण गुर्जर, मुकेश गुर्जर ने बताया कि नहर पहली बार 16 दिसंबर की रात करीब 1 बजे टूट गई थी। जल संसाधन विभाग को सूचना देने पर अधिकारियों ने नहर ठीक करवाई, लेकिन 17 दिसंबर की रात करीब 12 बजे नहर पुनः टूट गई। इसके कारण घरों के कपड़े, बिस्तर और गर्म कपड़े गीले हो गए।
पीड़ितों ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर नहर की स्थाई मरम्मत कराने और बार-बार टूटने की समस्या से बचाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी नहर टूट चुकी है, लेकिन विभाग स्थाई समाधान नहीं कर सका।
ज्ञापन देने वालों में प्रमुख रूप से नफीस अहमद, अंसार अहमद, शाहरुख खान, कन्हैया लाल, दीपक कुमार, जगदीश, नवल, बाबूलाल, पप्पू लाल शामिल थे।