लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया) – भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बिहार चुनाव, इंडी गठबंधन और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयानों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि इंडी गठबंधन का कोई ठोस वैचारिक या नीतिगत आधार नहीं है। उनका केवल एक ही उद्देश्य है – सत्ता प्राप्त करना। विकास उनके एजेंडे में कहीं नहीं है।
राठौड़ ने कहा, “इंडी गठबंधन बेमेल और अवसरवादी है। इसमें न तो कोई नीति है, न कोई सिद्धांत। आज जो एक-दूसरे के खिलाफ बोलते हैं, वही सत्ता के लालच में एक मंच पर आ जाते हैं। जनता के विकास, सुशासन या आम आदमी के जीवन को सुधारने का इनके पास कोई ठोस कार्यक्रम नहीं है। जबकि भाजपा विकास, पारदर्शिता और जनता के विश्वास की राजनीति करती है, इंडी गठबंधन केवल कुर्सी की राजनीति में विश्वास रखता है। जनता इस सच्चाई को भली-भांति समझ चुकी है।”
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बिहार में इंडी गठबंधन के सीएम फेस पर भी निशाना साधते हुए कहा, “बिहार में सीएम फेस केवल लालच देने का काम कर रहा है, ताकि किसी भी तरह सत्ता हासिल की जा सके। हालांकि ये कब धोखा देंगे, यह कोई नहीं जानता। इनकी विश्वसनीयता नहीं है, यह बेमेल गठजोड़ है। सीटों का बंटवारा नीति संगत नहीं हुआ। इनकी नीति स्पष्ट है – बिना किसी एजेंडे के सत्ता हासिल करना। जनता के विकास से इन्हें कोई लेना देना नहीं।”
अशोक गहलोत की रणनीति पर सवाल उठाते हुए राठौड़ ने कहा, “अशोक गहलोत स्वयं के लिए राजनीति कर सकते हैं, लेकिन रणनीति बनाने में पूरी तरह फेल साबित होते हैं। कांग्रेस ने जहां-जहां उन्हें चुनावी रणनीति तैयार करने के लिए भेजा, वहां अंततः भाजपा को ही लाभ हुआ। गुजरात और महाराष्ट्र में उनके नेतृत्व में कांग्रेस को नुकसान और भाजपा को सफलता मिली। अब उन्हें बिहार भेजा गया है, यहां भी नतीजे भाजपा के पक्ष में ही आएंगे।”