युवा और किसान मुख्यमंत्री के विकास कार्यों को पचा नहीं पा रहे गहलोत – परनामी
जयपुर। लोक टुडे न्यूज नेटवर्क (रूपनारायण सांवरिया)
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए तीखा हमला बोला। परनामी ने कहा कि गहलोत को स्पष्ट करना चाहिए कि उनके सलाहकार कौन थे जिन्होंने उन्हें अपने ही युवा नेताओं को “नाकारा-निकम्मा” कहने की सलाह दी। उन्होंने आरोप लगाया कि गहलोत ने अपने पाँच वर्षों के कार्यकाल में कुर्सी की लड़ाई और आपसी झगड़ों में समय बर्बाद किया।
परनामी ने सवाल किया कि गहलोत युवाओं के खिलाफ क्यों हैं, जबकि राजनीति सेवा का माध्यम है, न कि स्वार्थ का। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा अपने विजन और विकास कार्यों से यह साबित कर रहे हैं कि राजनीति का उद्देश्य जनसेवा है। परनामी ने आरोप लगाया कि गहलोत भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में हो रहे बदलावों और योजनाओं को पचा नहीं पा रहे।
मोदी के सपनों का भारत बन रही भाजपा सरकार
परनामी ने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों का भारत है, जिसमें भाजपा सरकार संगठन के साथ मिलकर जनता तक विकास योजनाएं पहुँचा रही है। उन्होंने कहा कि गहलोत अपने तीन बार के मुख्यमंत्री कार्यकाल में जो काम नहीं कर सके, उन्हें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मात्र 20 माह में पूरा कर दिखाया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने संकल्प पत्र में किए गए वादों में से 50 प्रतिशत से अधिक वादों को पूरा कर जनता का विश्वास जीता है। प्रदेश को ईआरसीपी और यमुना जल समझौते जैसी बड़ी योजनाओं की सौगात दी गई है, साथ ही बिजली क्षेत्र में प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।
युवाओं को मिली 75 हजार से अधिक नौकरियाँ
परनामी ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कार्यकाल में अब तक 75 हजार से अधिक सरकारी नौकरियाँ प्रदान की जा चुकी हैं और प्रदेश में एक भी पेपरलीक की घटना नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि गहलोत के कार्यकाल में पेपरलीक के मामले रिकॉर्ड तोड़ रहे थे।
गहलोत पर भ्रष्टाचार और झूठे वादों का आरोप
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने गहलोत पर आरोप लगाया कि वे झूठे वादों के आधार पर सत्ता में आए। उनके कार्यकाल में महिला अपराध, महंगी बिजली, भ्रष्टाचार और कर्जमाफी में फर्जीवाड़ा जैसी समस्याएँ बढ़ीं। उन्होंने कहा कि गहलोत ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों से जनता की जेब पर बोझ डाला।
सकारात्मक राजनीति अपनाने की सलाह
परनामी ने गहलोत से अपील की कि वे नकारात्मक राजनीति छोड़कर सकारात्मक राजनीति करें और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के अच्छे कार्यों का समर्थन करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब विकास और पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ना चाहती है।










































