लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जिला कलेक्टर ने दिए समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश
कोटपूतली-बहरोड़। जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं, बजट घोषणाओं, विकास कार्यों, सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज परिवादों तथा आमजन से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में उपखंड एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
बैठक के दौरान जिला कलेक्टर ने फ्लैगशिप योजनाओं की राज्य स्तरीय रैंकिंग एवं ब्लॉकवार प्रगति का विश्लेषण करते हुए अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी एवं परिणामोन्मुखी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पात्र व्यक्तियों तक पहुंचे तथा प्रत्येक विभाग निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करे।
जिला कलेक्टर ने वर्ष 2024-25, 2025-26 एवं 2026-27 की लंबित बजट घोषणाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सम्पर्क पोर्टल पर प्राप्त परिवादों की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का संवेदनशीलता, जवाबदेही और गुणवत्ता के साथ समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक प्रकरण की गंभीरता से समीक्षा कर प्रभावी समाधान उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) की समीक्षा के दौरान जिला कलेक्टर ने पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, टैंकर संचालन की नियमित मॉनिटरिंग करने, जल जीवन मिशन के कार्यों को समय पर पूरा करने तथा समर कंटीजेंसी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा मौसमी बीमारियों की स्थिति एवं स्वास्थ्य प्रबंधन संबंधी तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत की गई। इस पर जिला कलेक्टर ने आवश्यक दवाओं एवं जांच सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने, स्वास्थ्य सेवाओं की सतत निगरानी रखने तथा आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
उन्होंने डेंगू एवं मलेरिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वायत्त शासन विभाग के समन्वय से एंटी लार्वा गतिविधियों एवं फोगिंग कार्यों को प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही पेंशन सत्यापन कार्य को शत-प्रतिशत पूर्ण करने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाकर कार्य करने को कहा।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश सहारण, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद जगदीश प्रसाद, नगर परिषद आयुक्त अरुण शर्मा, अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी रामवतार कुमावत, सीएमएचओ डॉ. आशीष शेखावत, अधीक्षण अभियंता पीएचईडी रामनिवास यादव सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
