लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
तीन मामले दर्ज
जोधपुर। महिला एवं बाल अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जोधपुर पुलिस ने खुद को फर्जी आईएएस अधिकारी बताकर नाबालिग छात्राओं को सरकारी नौकरी, परीक्षा में अधिक अंक और करियर बनाने का झांसा देकर यौन शोषण करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ अब तक तीन आपराधिक मामले दर्ज हो चुके हैं।
पुलिस के अनुसार 26 जुलाई 2026 को दर्ज शिकायत में पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2024 में आरोपी ने स्वयं को आईएएस अधिकारी बताकर उससे संपर्क किया। उसने बोर्ड परीक्षा में अधिक अंक दिलाने और सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर विश्वास में लिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी उसे एक होटल ले गया, जहां नशीला पेय पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने पीड़िता की छोटी बहन को एयर हॉस्टेस बनाने का लालच देकर किराए के कमरे में बुलाया और उसके साथ भी दुष्कर्म किया। वहीं एक अन्य बहन को अजमेर ले जाकर भी इसी प्रकार वारदात को अंजाम देने का आरोप है। मामले की जांच जारी है।
आरोपी का तरीका
पुलिस के अनुसार आरोपी खुद को ‘राज उदावत उर्फ अक्की’ नाम से फर्जी आईएएस अधिकारी बताता था। वह कोचिंग संस्थानों, स्कूलों और लाइब्रेरी के आसपास घूमकर नाबालिग छात्राओं के मोबाइल नंबर जुटाता था। इसके बाद परीक्षा में नंबर बढ़वाने, प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर उपलब्ध कराने, एयर हॉस्टेस बनाने और सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर उन्हें होटल या किराए के कमरों में बुलाता था।
विशेष टीम ने की गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त अंशुमान भोमिया तथा पुलिस उपायुक्त (पूर्व) मनीष चौधरी के निर्देश पर एसीपी पूर्व के मार्गदर्शन और थानाधिकारी मोहम्मद शफीक खान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान फर्जी नाम से पहचान बनाने वाले आरोपी की वास्तविक पहचान उम्मेदाराम के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने अजीत कॉलोनी से उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी उम्मेदाराम (47) पुत्र गणपत राम, मूल निवासी गांव कलऊ, थाना देचू, जिला फलोदी का रहने वाला है। वर्तमान में वह जोधपुर की अजीत कॉलोनी क्षेत्र में किराए पर रह रहा था।
पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने इसी तरह की वारदातें अन्य लोगों के साथ तो नहीं की हैं।