लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भजनों की सुरधारा में नाचे श्रद्धालु, सजावट ने खींचा दर्शकों का ध्यान
गौतम शर्मा, राजसमन्द।
राजसमन्द जिले के एमड़ी गांव में बुधवार रात आयोजित ‘एक शाम खेड़ा देवी के नाम’ भजन संध्या में देर रात तक भक्ति का माहौल छाया रहा। देवी मां के दरबार में भजनों की गूंज के बीच श्रद्धालु झूमते और नाचते नजर आए। पूरे कार्यक्रम स्थल पर श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ रात 9 बजे हुआ, जिसमें भजन गायक श्याम सुथार ने गणपति वंदना, गुरु वंदना और बालाजी महाराज के भजनों से सुरमयी शुरुआत की। इसके बाद भजन गायिका हेमलता वैष्णव ने “ओ थारे आऊं ऐ चरणा माय, देवी लजिया ओ म्हारी राखजो” और “धीरे उतरो ऐ देवी धीरे उतरो” जैसे भजनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
भजन गायक शम्भू धनगर ने “खोल भरम रो तालों ऐ मां”, “भवानी कटे पड़गी ऐ कुआं बावड़ी”, “भक्त बैठा ऐ चरणा माय खेड़ा देवी” जैसे सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देकर पूरे पंडाल को भक्ति रस से सराबोर कर दिया। वहीं स्थानीय गायिका मनीषा धनगर ने “माताजी एमड़ी में बैठी आसन ढाल ओ” भजन से दर्शकों का दिल जीत लिया।
इससे पहले सुबह से ही ग्रामीणों ने खेड़ा देवी माताजी मंदिर की विशेष सजावट की, जो आकर्षण का केंद्र बनी रही। फूलों और रोशनी से सजा मंदिर भक्ति और सौंदर्य का अनोखा संगम प्रस्तुत कर रहा था।
कार्यक्रम में भोपाजी रतन कुमावत, गोपीलाल कुमावत, बालकिशन कुमावत सहित एमड़ी, भट्टखेड़ा, नान्दोली, भाटोली, राज्यावास आदि गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मंच संचालन डालचंद कुमावत ने कुशलतापूर्वक किया।

















































