लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सुरेश पोद्दार: भक्तों की उपस्थिति प्रेरित करती है धार्मिक आयोजनों के लिए
भीलवाड़ा | (पंकज पोरवाल) शहर के काशीपुरी धाम स्थित श्री श्याम मंदिर में एकादशी के पावन अवसर पर आयोजित श्री श्याम गुणगान भजन संध्या भव्य रूप से संपन्न हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्याम प्रेमियों ने उपस्थित होकर बाबा श्याम के भजनों का रसपान किया, जिससे पूरा मंदिर परिसर श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत हो गया।
भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक राहुल जादम (किशनगढ़) ने “हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा”, “खाटू वाले श्याम तेरी महिमा न्यारी है”, “श्याम नाम की मस्ती छाई है” जैसे भावपूर्ण भजन प्रस्तुत किए। भजनों के दौरान बाबा श्याम के जयकारों से काशीपुरी धाम गूंज उठा और श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में लीन रहे।
श्री श्याम सेवा समिति के अध्यक्ष सुरेश पोद्दार ने बताया कि “श्याम बाबा की असीम कृपा से भजन संध्या सफलतापूर्वक संपन्न हुई। भक्तों की उपस्थिति एवं आस्था समिति को आगे भी ऐसे धार्मिक आयोजनों के लिए प्रेरित करती है।”
मीडिया प्रभारी पंकज अग्रवाल ने बताया कि आगामी फाल्गुन महोत्सव की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। समाजसेवा के उद्देश्य से 22 फरवरी को एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अधिक से अधिक लोगों से सहभागिता की अपील की गई है।
कार्यक्रम के समापन पर बाबा श्याम की महाआरती हुई और प्रसाद वितरण किया गया। समिति द्वारा सभी श्रद्धालुओं, कलाकारों और सेवाभावी कार्यकर्ताओं का आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
