लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
डीग जिले में साइबर ठगों पर बड़ी कार्रवाई —
रिपोर्टर: मुकेश सैनी —
डीग (भरतपुर)। भरतपुर रेंज आईजी कैलाश बिश्नोई के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश मीणा के नेतृत्व में डीग जिले में साइबर ठगों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने शनिवार को जिले के कैथवाड़ा थाना क्षेत्र सहित दो गांवों में एक साथ दबिश देकर 61 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया।
इस कार्रवाई में डीएसटी, QRT टीम, सीओ पहाड़ी, डीग, कांमा और एएसपी महेश मीणा सहित सर्कल के थाना अधिकारियों की संयुक्त टीम शामिल रही।
क्या-क्या बरामद हुआ
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से —
-
33 एंड्रॉयड मोबाइल फोन
-
65 सिम कार्ड
-
22 एटीएम कार्ड
-
कई बैंक चेकबुक्स
-
एक लग्जरी कार और कई टू-व्हीलर
बरामद किए हैं।
कार्रवाई से साइबर गिरोहों में हड़कंप
इस संयुक्त कार्रवाई से साइबर ठग गिरोहों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि इन गिरोहों के जरिए प्रदेश और बाहर के कई राज्यों में ऑनलाइन ठगी की जा रही थी।
आईजी कैलाश बिश्नोई ने बताया कि भरतपुर रेंज में साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश मीणा ने कहा कि “इस कार्रवाई से क्षेत्र में साइबर अपराधों की घटनाओं में लगभग 3.1% की कमी आई है और आगे भी ऐसी सघन कार्रवाइयां समय-समय पर की जाएंगी।”
ग्रामीणों में राहत, पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। डीग जिले के कैथवाड़ा थाना इलाके में साइबर ठगों के खिलाफ यह अब तक की सबसे बड़ी पुलिस कार्रवाई मानी जा रही है।















































