लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
निकाय चुनाव को लेकर भाजपा की रणनीति बैठक, विकास और सुशासन के दम पर जीत का दावा
जयपुर(रूपनारायण सांवरिया) । आगामी स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दावा किया कि प्रदेश में डबल इंजन सरकार के बाद अब निकाय चुनावों में जीत हासिल कर “ट्रिपल इंजन सरकार” बनाई जाएगी, जिससे विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी।
बैठक में भाजपा के प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मदन राठौड़, प्रदेश संगठन महामंत्री अजय कुमार, निकाय चुनाव प्रभारी हरीश द्विवेदी, सांसद गजेंद्र सिंह पटेल, संगीता यादव, राष्ट्रीय मंत्री रोहन गुप्ता, महाराष्ट्र सरकार के मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले तथा दिल्ली सरकार के मंत्री रविंदर इंद्राज सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
बूथ स्तर तक तैयारियों पर मंथन
बैठक में निकाय चुनाव की रणनीति, बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता, प्रत्याशी चयन, स्थानीय मुद्दों और केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने पर विस्तृत चर्चा हुई। भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी विकास कार्यों, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं को चुनावी मुद्दा बनाएगी।
सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने अपने ढाई वर्ष के कार्यकाल में विकास को नई दिशा दी है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 1.89 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी गई हैं तथा यमुना जल समझौता और राम जल सेतु जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम आगे बढ़ाया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में निवेश का माहौल मजबूत हुआ है और लगभग 35 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों में से करीब 9 लाख करोड़ रुपये के निवेश धरातल पर उतरने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने किसानों, युवाओं और महिलाओं के कल्याण को सरकार की प्राथमिकता बताया।
प्रत्याशी चयन में योग्यता को प्राथमिकता
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पार्टी संगठन हर समय चुनाव के लिए तैयार रहता है और निकाय चुनाव को लेकर बूथ स्तर तक तैयारी पूरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर प्रभाव रखने वाले, संगठन के प्रति समर्पित और जनता का विश्वास प्राप्त उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्याशी चयन में भाई-भतीजावाद, पक्षपात या किसी प्रकार का दबाव स्वीकार नहीं किया जाएगा। युवा, महिला और कमजोर वर्गों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।
कांग्रेस पर साधा निशाना
मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के पास जनता के सामने रखने के लिए कोई ठोस उपलब्धि नहीं है और वह आज भी गुटबाजी में उलझी हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास, सुशासन और जनकल्याण के मुद्दों के साथ जनता के बीच जाएगी।
उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है और निकाय चुनावों में जनता भाजपा को समर्थन देगी।