लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बीकानेर (विजय कपूर)।
डूंगर कॉलेज बीकानेर के विज्ञान भवन में बुधवार को एचडीएफसी बैंक और प्राणिशास्त्र विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ सुबह 10 बजे बीकानेर पश्चिम के विधायक जेठानंद व्यास के मुख्य आतिथ्य एवं सत्यप्रकाश आचार्य के विशिष्ट आतिथ्य में, प्राचार्य प्रो. राजेंद्र पुरोहित की अध्यक्षता में हुआ।
रक्तदान शिविर के प्रभारी डॉ. कैलाध कुमार स्वामी ने बताया कि शिविर के दौरान जनवरी माह में होने वाले कैंसर एवं विकिरण पर आधारित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की वेबसाइट का भी लोकार्पण किया गया।
मुख्य अतिथि जेठानंद व्यास ने कहा कि ऐसे आयोजन किसी संस्था के मूल्यों और उसके चरित्र का परिचय देते हैं। उन्होंने रक्तदान को श्रेष्ठ दान बताते हुए कहा कि कॉलेज के विकास में आ रही किसी भी बाधा को दूर करने में भरपूर सहयोग दिया जाएगा।
विशिष्ट अतिथि सत्यप्रकाश आचार्य ने कहा कि अधिकारों के साथ कर्तव्यों का पालन भी उतना ही जरूरी है, और इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक जागरूकता लाते हैं।
अध्यक्षता कर रहे प्राचार्य प्रो. राजेंद्र पुरोहित ने कहा कि डूंगर महाविद्यालय हमेशा से सामाजिक सरोकारों के प्रति सक्रिय रहा है।
एचडीएफसी बैंक के प्रतिनिधि निखिल माथुर ने कॉलेज की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बैंक भविष्य में भी सामाजिक कार्यों में सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
रक्तदान शिविर में महाविद्यालय के विभिन्न संकायों के प्रोफेसर, एनएसएस, एनसीसी, रोवर्स के स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले शिविर में 50 लोगों ने रक्तदान कर सामाजिक दायित्व का निर्वहन किया।
कार्यक्रम में शहर की कई गणमान्य हस्तियां भी मौजूद रहीं।