लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पूज्य गुरुदेव स्व. अनिल कुमार टाक की पुण्य स्मृति में होगा आयोजन, युवाओं में दिखा खास उत्साह
रियांबड़ी। उपखंड क्षेत्र के ग्राम डोडियाना में आदरणीय पूज्य गुरुदेव स्वर्गीय अनिल कुमार टाक की पुण्य स्मृति में आगामी 27 दिसंबर 2025 को आयोजित होने वाले विशाल रक्तदान शिविर को लेकर शनिवार को पोस्टर विमोचन कार्यक्रम संपन्न हुआ। यह आयोजन समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से किया जा रहा है।
पोस्टर विमोचन कार्यक्रम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, डोडियाना के प्रांगण में आयोजित हुआ, जिसमें ग्राम के गणमान्य जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, ग्रामीणजन एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान युवाओं में रक्तदान को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर वक्ताओं ने स्वर्गीय अनिल कुमार टाक के जीवन, उनके सामाजिक योगदान एवं सेवा भावना पर प्रकाश डालते हुए उन्हें सच्चा समाजसेवी बताया। पोस्टर विमोचन के दौरान उपस्थित नागरिकों ने “अनिल कुमार अमर रहें” के नारे लगाकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
अखिल भारतीय महेश्वरी सेवा सदन के अध्यक्ष रामकुंवार भूतड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी व्यक्ति की असली पहचान उसके अच्छे कार्यों से होती है। उन्होंने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई धर्म नहीं है, क्योंकि यह किसी जरूरतमंद की जान बचाने का कार्य करता है।
कार्यक्रम में समाजसेवी पुनाराम चौयल, ग्राम डोडियाना के प्रशासक रेखाराम माठ, मंडल अध्यक्ष नंदकिशोर गटियाला, समाजसेवी शंकरलाल प्रजापत एवं दिनेश बाबू ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने स्वर्गीय अनिल कुमार टाक द्वारा दी गई स्वावलंबन, सेवा और मानवता की शिक्षा को आत्मसात करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर ग्रामवासियों ने संकल्प लिया कि 27 दिसंबर का दिन डोडियाना के लिए ऐतिहासिक बनाया जाएगा और अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश समाज तक पहुंचाया जाएगा।











































