लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा में डमी परीक्षार्थी बिठाने वाले दो जालसाज गिरफ्तार
जयपुर (आर एन सांवरिया) | राजस्थान में प्रतियोगी परीक्षाओं में शुचिता से खिलवाड़ करने वाले दो बड़े जालसाजों को एसओजी ने गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा) भर्ती परीक्षा 2022 में डमी परीक्षार्थी बिठाकर फर्जी तरीके से चयनित हुए आरोपियों दिनेश कुमार पुत्र बाबूलाल और दिनेश कुमार पुत्र आसूराम विश्नोई को दबोचा गया।
एसओजी के अतिरिक्त महानिदेशक विशाल बंसल ने बताया कि दोनों अभियुक्त पिछले दो वर्षों से फरार चल रहे थे। इनके खिलाफ न्यायालय ने स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया था और इन पर 5-5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
जांच में सामने आया कि 29 जनवरी 2023 को दोनों आरोपियों ने सामान्य ज्ञान और शैक्षिक मनोविज्ञान की परीक्षाओं में स्वयं उपस्थित होने के बजाय डमी परीक्षार्थियों को बिठाया, और इस तरह वरिष्ठ अध्यापक (विज्ञान विषय) के पद पर फर्जी तरीके से चयनित हो गए।
गिरफ्तारी ऑपरेशन के तहत दिनेश कुमार पुत्र बाबूलाल को महाराष्ट्र के पुणे से और दिनेश कुमार पुत्र आसूराम को जयपुर से दबोचा गया। उपमहानिरीक्षक परिस देशमुख के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने इस सफल कार्रवाई को अंजाम दिया।
इस ऑपरेशन में पुलिस निरीक्षक राजबीर सिंह, कांस्टेबल महेश कुमार, माधोसिंह और गंगासहाय की अहम भूमिका रही। एसओजी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रकाश कुमार शर्मा मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं। अब पुलिस का मुख्य फोकस उन डमी परीक्षार्थियों तक पहुँचने और इस धोखाधड़ी के वित्तीय लेन-देन और गिरोह के अन्य सदस्यों के नेटवर्क की जांच करने पर है।
















































