लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
ओसियां कस्बे में शनिवार देर शाम दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर हिंसक भिड़ंत हो गई। यह झड़प कस्बे के बाहर खेतेश्वर सर्कल और थोब गांव चौराहा के पास हुई, जिसमें लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किया गया।
इस संघर्ष में 6 से ज्यादा युवक घायल हो गए। घायलों को तत्काल उप जिला अस्पताल ओसियां लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जोधपुर रेफर किया गया।
सूत्रों के अनुसार पुखराज लेगा नामक युवक की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही ओसियां सीआई राजेंद्र चौधरी पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से बयान लिए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों में घटना को लेकर दहशत का माहौल है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।