लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। देश के प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ और वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. नरेश त्रेहन के जन्मदिन के अवसर पर जयपुर से पहुंचे उनके प्रशंसकों और शुभचिंतकों ने उनका अभिनंदन कर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजीव त्रेहन के नेतृत्व में जयपुर से गए प्रतिनिधिमंडल में महेश पुरोहित, आनंद व्यास, सत्यनारायण शर्मा, सीताराम बैरवा, रशीद तथा दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के सदस्य दीपक चौधरी सहित कई गणमान्य लोग शामिल रहे। इस अवसर पर जयपुर के वरिष्ठ पत्रकार रोशनलाल शर्मा भी मौजूद रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने डॉ. त्रेहन को पारंपरिक राजस्थानी साफा पहनाकर सम्मानित किया तथा मिठाई खिलाकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। जन्मदिन समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने डॉ. त्रेहन के चिकित्सा क्षेत्र में दिए गए योगदान की सराहना करते हुए उन्हें प्रेरणास्रोत बताया।
डॉ. नरेश त्रेहन ने जन्मदिन पर मिले स्नेह और सम्मान के लिए सभी का आभार व्यक्त किया तथा शुभकामनाएं देने पहुंचे लोगों को धन्यवाद दिया।
गौरतलब है कि डॉ. नरेश त्रेहन देश के प्रतिष्ठित हृदय रोग विशेषज्ञों में शामिल हैं और चिकित्सा क्षेत्र में उनके योगदान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहा जाता है।