लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। उपमुख्यमंत्री एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री दिया कुमारी की अध्यक्षता में शनिवार को शासन सचिवालय में महिला अधिकारिता निदेशालय की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिला अधिकारों के संरक्षण और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की क्रियान्वयन स्थिति और बजट प्रगति की जानकारी दी गई।
बैठक में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उड़ान योजना के तहत बालिकाओं और महिलाओं को नि:शुल्क सेनेटरी नैपकिन समयबद्धता से उपलब्ध कराए जाएँ। इसके साथ ही सामूहिक विवाह अनुदान योजना के दिशा-निर्देश और पोर्टल को आमजन के लिए सुगम और प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए।
दिया कुमारी ने केंद्र की योजनाओं के तहत बकाया बजट प्राप्त कर उसका पूर्ण उपयोग सुनिश्चित करने, पिछले वर्ष की बजट घोषणाओं को समयबद्धता से पूरा करने और आगामी वित्तीय वर्ष की तैयारियों को भी समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत बालिकाओं को लाभान्वित करने और विभिन्न कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों को रोजगारोन्मुखी बनाने के लिए प्रभावी पर्यवेक्षण करने की हिदायत दी। बैठक में अधिकारियों ने योजनाओं के क्रियान्वयन, बजट आवंटन और प्रगति की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।