लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
मुख्यमंत्री से पीड़ित परिवार से मिलने और स्थिति सुधारने की माँग: खाचरियावास
जयपुर। आर.एन. सांवरिया
संगरिया में व्यापारी विकास कुमार जैन की दिनदहाड़े गोली मारकर की गई हत्या ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटना को लेकर पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने गहरी चिंता व्यक्त की और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से संगरिया जाकर पीड़ित परिवार से मिलने की माँग की।
खाचरियावास ने कहा कि राजस्थान में अपराधी बेख़ौफ़ होकर आम नागरिकों पर हमले कर रहे हैं, जबकि कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें न्याय का भरोसा दिलाएँ।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री आज तक बलात्कार पीड़ित महिलाओं, गोलियों से मारे गए लोगों के परिवार, छत गिरने से मरे बच्चों के परिजनों, चेन स्नेचिंग या अन्य अपराधों से प्रभावित पीड़ितों से मिलने तक नहीं गए हैं। लोग डर, असुरक्षा और असहायता में जी रहे हैं।
खाचरियावास ने कहा, “प्रदेश में भू-माफिया, किडनैप माफिया, गोली माफिया, सुपारी किलर और चेन स्नेचिंग करने वाले अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं। पुलिस बजरी माफिया के साथ मिलकर धन इकट्ठा करने में व्यस्त है। परिवहन विभाग सहित अन्य टैक्स विभाग लूट और चौथ वसूली में लगे हुए हैं। आम जनता की सुनवाई नहीं हो रही।”
उन्होंने चेतावनी दी कि आम आदमी कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति से डरा और सहमा हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को सामने आकर प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और बताना चाहिए कि अपराध नियंत्रण के लिए कौन से कदम उठाए जा रहे हैं।
खाचरियावास ने प्रदेश सरकार से मांग की कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सख्त और पारदर्शी कार्रवाई की जाए ताकि आम नागरिक सुरक्षित महसूस कर सकें।
