लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर के हनुमानराम बांगड़ा भी शामिल
नागौर (प्रदीप कुमार डागा) – कांग्रेस पार्टी द्वारा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी भवन में जिलाध्यक्षों का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में राजस्थान के सभी जिलाध्यक्षों ने भाग लिया।
शिविर को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने संबोधित किया। उन्होंने जिलाध्यक्षों को संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय और जनता से सीधे संवाद पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।
नागौर जिले से जिलाध्यक्ष हनुमानराम बांगड़ा भी इस प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए। उन्होंने इसे जिला स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने और भविष्य की दिशा तय करने वाला अहम कदम बताया। बांगड़ा ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण शिविरों से पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी।
शिविर में प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण में जिलाध्यक्षों को संगठनात्मक अनुशासन, ब्लॉक व मंडल की मासिक मीटिंग्स, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग, जनसमस्याओं के समाधान, जनआंदोलनों में सक्रियता, पार्टी नीतियों का प्रचार और प्रभावी संचार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।
इस शिविर के माध्यम से कांग्रेस संगठन को आगामी चुनावों और स्थानीय स्तर पर जनसंवाद में और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं।

















































