लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
हजारों पदाधिकारियों ने ऑनलाइन लिया सामूहिक शपथ, सामाजिक एकता और सामूहिक विवाह को बढ़ावा देने का संकल्प
बीकानेर। खत्री-मोदी-अरोड़ा समाज की शीर्ष प्रतिनिधि संस्था माता हिंगलाज एंड वरुणदेव चैरिटेबल ट्रस्ट ने सामाजिक एकता और डिजिटल सहभागिता का नया इतिहास रचते हुए देशभर के हजारों पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का राष्ट्रव्यापी सामूहिक शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और ज़ूम प्लेटफॉर्म के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों से जुड़े समाजबंधुओं ने एक साथ एक समय पर शपथ लेकर सामाजिक समरसता और संगठनात्मक मजबूती का संदेश दिया।
बीकानेर की गोपेश्वर बस्ती स्थित शिव शिवा मोदी भवन में आयोजित मुख्य समारोह में संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष खत्री राजेन्द्र मोदी रायमलाणी (एडवोकेट) की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन ख्यातनाम एंकर कैलाशी मदनमोहन मोदी ने किया।
आयोजन को सफल बनाने में खत्री मोदी सार्वजनिक प्रन्यास के अध्यक्ष श्याम मोदी, समाजसेवी राजकुमार मोदी (बजाज) तथा भाजपा नेता श्रीकिशन मोदी का विशेष सहयोग रहा।
सामूहिक विवाह और सामाजिक एकता का संकल्प
महाशपथ समारोह के दौरान देशभर से जुड़े समाजजनों ने दो महत्वपूर्ण संकल्प लिए। पहला, विवाह समारोहों को दिन में आयोजित कर अनावश्यक खर्च और देर रात की परंपराओं को कम करने की दिशा में कार्य करना तथा सामूहिक विवाहों को बढ़ावा देना। दूसरा, खत्री समाज के विभिन्न घटकों के बीच आपसी वैवाहिक संबंधों को प्रोत्साहित कर समाज को और अधिक संगठित एवं एकजुट बनाना।
18 वर्षों में 13,906 से अधिक रिश्ते करवाने का दावा
संस्था के युवा अध्यक्ष शशिकांत मोदी ने ट्रस्ट की 18 वर्षों की सामाजिक यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि संगठन ने अब तक 13,906 से अधिक वैवाहिक रिश्ते करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट समाज सेवा, सामाजिक समरसता और युवा पीढ़ी को सकारात्मक दिशा देने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
समाज के सभी घटकों को एक मंच पर लाने का प्रयास
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सिख, सिंधी, तैलीय, मुल्तानी, भाटिया, अरोड़ा, मोदी, पंजाबी एवं ब्रह्म खत्री समाज सहित विभिन्न घटकों को एक मंच पर लाकर सामाजिक एकता को मजबूत करना तथा युवाओं को रूढ़िवादिता से दूर कर प्रगतिशील सोच से जोड़ना रहा।
समाज की विशिष्ट हस्तियों का सम्मान
समारोह के दौरान व्यवसायी एवं समाजसेवी अशोक मोदी, प्रवीण मोदी, विजय खत्री, राधा खत्री, घनश्याम मोदी तथा मदन मोहन मोदी सहित कई विशिष्ट समाजसेवियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अविनाश मोदी, डॉ. जे.के. खत्री, नवेंदु खत्री, के.के. खत्री, विनोद मोदी, जगदीश मोदी, विजय खत्री, अतुल अरोड़ा, शेफाली अरोड़ा, जितेंद्र नैय्यर, नरेश खत्री, रमेश खत्री, अजय खत्री सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।
समारोह ने सामाजिक एकजुटता, डिजिटल सहभागिता और सामूहिक सामाजिक उत्तरदायित्व का एक नया उदाहरण प्रस्तुत किया।
