लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
पाली जिले में 16 करोड़ 83 लाख रुपये ट्रांसफर
पाली । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि किसान हमारे राष्ट्र निर्माता और भारत की आत्मा हैं। कृषक की मेहनत से ही हमारी थाली में भोजन आता है और अन्नदाता शब्द किसान के सम्मान और गरिमा को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि राज्य की डबल इंजन सरकार किसानों की समृद्धि के लिए निरंतर कार्यरत है।
भजनलाल शर्मा ने शनिवार को भरतपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में लगभग 72 लाख किसानों को मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की चौथी किस्त के तहत कुल 718 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए। इसी कड़ी में पाली जिले का जिला स्तरीय समारोह जिला परिषद सभागार में पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत की अध्यक्षता में आयोजित हुआ।
इस समारोह में मुख्यमंत्री ने पाली जिले के एक लाख 68,310 किसानों के खातों में चौथी किस्त के रूप में 16 करोड़ 83 लाख 10 हजार रुपये हस्तांतरित किए। मंत्री जोराराम कुमावत ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किसानों के कल्याण के लिए किसान सम्मान निधि योजना शुरू की। राजस्थान में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत पौने दो वर्षों में किसानों को 7,031 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी जा चुकी है।
कुमावत ने बताया कि मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत प्रदेश के किसानों को 6,000 रुपये के अतिरिक्त 3,000 रुपये भी दिए जाते हैं। अब तक 70 लाख से अधिक किसानों को 1,355 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए जा चुके हैं। इस तरह केंद्र और राज्य सरकार द्वारा कुल 8,386 करोड़ रुपये से अधिक की राशि किसानों को दी जा चुकी है।
कार्यक्रम में पाली विधायक भीमराज भाटी, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी, पंचायत समिति प्रधान मोहिनी देवी, जिला परिषद सदस्य भंवर चौधरी, पूर्व उप जिला प्रमुख नवल किशोर शर्मा, सेंट्रल कॉ-ऑपरेटिव बैंक प्रबंध निदेशक प्रशांत कल्ला, एडीएम बजरंग सिंह, जिला परिषद के सीईओ मुकेश चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान एवं आमजन उपस्थित रहे।











































