लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
जयपुर ।
राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC) में कलंदर सोसायटी की ओर से प्रसिद्ध नाट्य लेखक वसंत कानितकर द्वारा लिखित और रुचि भार्गव नरूला द्वारा निर्देशित नाटक “ढ़ाई आखर प्रेम का” का मंचन 26 अक्टूबर, शाम 6:30 बजे किया जाएगा।
यह नाटक वसंत कानेटकर के सुप्रसिद्ध मराठी नाटक “प्रेमा, तुझा रंग कसा?” का हिंदी अनुवाद है। इसमें प्रेम की जटिलताओं और उसके विभिन्न रंगों को व्यंग्य, हास्य और दर्शन के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।
नाटक का मुख्य विषय प्रेम की परिभाषा और उसकी गहराइयों को समझने की कोशिश है — जहाँ युवा और पुरानी पीढ़ी की सोच, दृष्टिकोण और व्यवहारिक अंतर को संवेदनशीलता के साथ दिखाया गया है।
कहानी में प्रेम को एक बहुआयामी भावना के रूप में चित्रित किया गया है, जो व्यक्ति के जीवन को गहराई से प्रभावित करती है। नाटक यह भी दर्शाता है कि जब प्रेम विवाह में परिवर्तित होता है, तो कैसे उसकी उदात्त भावना व्यवहारिकताओं के बोझ तले बदल जाती है।
इस प्रस्तुति में रुचि भार्गव, कार्तिकेय मिश्रा, रेया, अनिमेष आचार्य, प्रतीक्षा, मनन और सर्वेश व्यास जैसे युवा और वरिष्ठ कलाकार अपने अभिनय से मंच को जीवंत करेंगे।
“ढ़ाई आखर प्रेम का” प्रेम, जीवन और मानवीय संबंधों की परतों को समझने का एक भावनात्मक और विचारोत्तेजक अनुभव होगा।


















































