लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
उनियारा। उपखंड की रानीपुरा ग्राम पंचायत के देवपुरा खुर्द गांव के हालात आज भी बदहाल हैं। ग्रामीणों को पंचायत तक पहुंचने के लिए उचित संपर्क सड़क तक नसीब नहीं है। वर्षों से सड़क और नालियों जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में गांव परेशानियों से जूझ रहा है।
गांव की सड़क जगह-जगह टूटी हुई है। कीचड़, जलभराव और गड्ढों के कारण बच्चों को स्कूल जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ट्रैक्टर और बाइक जैसे साधारण वाहन भी आए दिन फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। नालियों के निर्माण न होने से बरसात के दिनों में स्थिति और विकट हो जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि स्वतंत्रता के बाद से आज तक इस समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है, जिससे लोगों में नाराज़गी है। चुनाव के समय प्रत्याशी वादे तो करते हैं, लेकिन जीत के बाद कोई ध्यान नहीं देता।
ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क और नालियों का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए, ताकि छात्रों, किसानों और आमजन को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन मिल सके।
ग्राम विकास अधिकारी पवन मीना ने बताया कि सड़क के डामरीकरण के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग के माध्यम से प्रस्ताव भेजा गया है।















































