लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया)
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने शुक्रवार को देवनारायण योजना के अंतर्गत अति पिछड़ा वर्ग के उत्थान हेतु संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में शामिल गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के अध्यक्ष और प्रतिनिधि योजनाओं की प्रगति से संतुष्ट नजर आए और मंत्री तथा विभागीय अधिकारियों को धन्यवाद दिया।
अम्बेडकर भवन स्थित विभागीय मुख्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित समीक्षा बैठक में कॉलेज शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, सार्वजनिक निर्माण, कौशल नियोजन एवं उद्यमिता सहित सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
मंत्री गहलोत ने समिति को पिछली बैठकों में दिए गए निर्देशों की प्रगति से अवगत करवाया। बैठक में देवनारायण उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना, पूर्व मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना, देवनारायण गुरुकुल योजना, छात्रा स्कूटी वितरण योजना, आदर्श छात्रावास एवं आवासीय विद्यालय संचालन, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के संचालन, नियमित निरीक्षण, मेडिकल मोबाइल यूनिट, छात्रावास एवं आवासीय विद्यालयों की मरम्मत सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत रूप से चर्चा की गई।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप अति पिछड़ा वर्ग के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि समिति के सुझावों और उठाए गए मुद्दों की माइक्रो लेवल पर मॉनिटरिंग की जा रही है।
निदेशक आशीष मोदी ने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समिति के सुझावों के आधार पर योजनाओं में लगातार सुधार किए जा रहे हैं और आगे भी फीडबैक लेकर सुधार प्रक्रिया जारी रहेगी।
बैठक में गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के अध्यक्ष विजय सिंह बैंसला, भूरा भगत, मोहर सिंह माल, अतर सिंह, गिरिराज बारां, विनोद कुमार, अतिरिक्त निदेशक ओमप्रकाश मीणा, निजी सचिव रोहित कुमार, उप निदेशक जेपी बैरवा सहित समिति के प्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

















































