लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा, राजसमंद।
राजसमंद जिले के देवगढ़ थाना क्षेत्र के ताल गांव से बड़ी खबर सामने आई है। बीती रात अज्ञात नकाबपोश चोरों ने एक ज्वेलर्स की दुकान को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और लगभग ₹25,000 से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पीड़ित राजेंद्र कुमार सोनी, निवासी ताल, ने इस संबंध में देवगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, रात के समय चार नकाबपोश बदमाशों ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसकर चोरी की। सुबह जब दुकान खोली गई, तो ताले टूटे और सामान बिखरा हुआ मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही देवगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वहीं, चोरी की सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश जारी है।
