लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मंत्री डॉ. मीणा बोले—जिला मुख्यालय पर बनेगा अमरूद उत्कृष्टता केन्द्र
दो दिवसीय कृषि तकनीक मेले में 25 हजार से अधिक लोगों की भागीदारी
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया) देश में पहली बार आयोजित अमरूद महोत्सव का सोमवार को जिला मुख्यालय पर औपचारिक समापन हुआ। समापन अवसर पर कृषि, उद्यानिकी, ग्रामीण विकास एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने घोषणा की कि सवाई माधोपुर जिले में फूल उत्कृष्टता केन्द्र की तर्ज पर अमरूद उत्कृष्टता केन्द्र भी स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही किसानों को जैविक खेती के लिए प्रोत्साहित करने हेतु जैविक बीज प्रमाणीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
डॉ. मीणा ने कहा कि प्रदेश में अमरूद का सर्वाधिक उत्पादन सवाई माधोपुर जिले में होता है, लेकिन जानकारी और प्रसंस्करण के अभाव में किसानों को इसका उचित मूल्य नहीं मिल पाता। यदि अमरूद की विशेषताओं के अनुरूप उसका प्रसंस्करण कर नए उत्पाद तैयार किए जाएं और बाजार तक सीधी पहुंच बनाई जाए, तो किसान अपनी आमदनी में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि किसानों को व्यवहारिक रूप से जानकारी देने के उद्देश्य से अमरूद महोत्सव का आयोजन किया गया है। राज्य सरकार भविष्य में भी किसानों को जागरूक करने और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में जिला मुख्यालय पर अमरूद उत्कृष्टता केन्द्र की स्थापना की जाएगी।
किसानों से नवाचार अपनाने का आह्वान
कृषि मंत्री ने किसानों से आह्वान किया कि वे महोत्सव में मौजूद विशेषज्ञों और कृषि यंत्र निर्माता कंपनियों से अमरूद की ग्रेडिंग, पल्प निर्माण, सूक्ष्म सिंचाई जैसी आधुनिक तकनीकों की जानकारी लें। उन्होंने कहा कि अमरूद से जूस, पल्प, मिठाइयां, कैंडी, अचार जैसे प्रसंस्कृत उत्पाद बनाकर बाजार तक सीधी पहुंच बनाना किसानों की आय बढ़ाने में सहायक होगा।
लैब से लैंड तक नवाचार—जिला कलक्टर
समापन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कलक्टर काना राम ने कहा कि यह महोत्सव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “लैब टू लैंड” संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि यहां साझा की गई नवाचारपूर्ण जानकारियों को व्यवहार में अपनाएं। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि मेले में प्रदर्शित बेहतरीन तकनीकों को जिले के किसानों के साथ मिलकर लागू कराने में पूरा सहयोग किया जाएगा।
प्रतियोगिताओं के विजेता सम्मानित
समापन समारोह में डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार, स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
नर्सरी प्रतियोगिता में गुजरात की जारवी नर्सरी, फल प्रतियोगिता में रायपुर के देवेन्द्र शुक्ला, उद्यानिकी लाइव डेमो में ड्रिप सिस्टम शैलेन्द्र सिंह राठी, पॉली हाउस में बृजेश कुमार और सौर ऊर्जा श्रेणी में चन्द्रवीर सिंह को प्रथम स्थान पर 11-11 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया।
फल प्रदर्शनी प्रतियोगिता में वलसाड के मयूर पाटीदार, सूरवाल के नंदलाल मीना, खिलचीपुर के रामफूल मीना, श्यामपुरा के रामखिलाड़ी मीना और कुस्तला के सत्यकुमार राजपूत को विभिन्न वैरायटी के लिए प्रथम पुरस्कार स्वरूप 1100-1100 रुपये दिए गए।
इसी प्रकार फूल प्रदर्शनी में करमोदा के राजमल मीना, नौगांव के रमेश माली, सुनारी के हंसराज माली, मालपुरा की कैलाशी देवी, आलनपुर के मदनलाल सैनी, रामसिंहपुरा के प्रेमराज सैनी और नरोत्तम रैगर को भी प्रथम पुरस्कार के रूप में 1100-1100 रुपये प्रदान किए गए।
दो दिवसीय अमरूद महोत्सव एवं कृषि तकनीक मेले में 25 हजार से अधिक किसानों, कृषि उद्यमियों और आमजन ने भागीदारी कर इसे ऐतिहासिक सफलता दिलाई।















































