लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
22 सितंबर से शुरू होंगे जीएसटी नेक्स्ट जेन सुधार — सांसद घनश्याम तिवाड़ी
जयपुर । रूपनारायण सांवरिया
भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में ‘भारत में कर एवं आर्थिक सुधार’ विषय पर प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक और प्रशासनिक क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास की ओर अग्रसर है। उन्होंने बताया कि जीएसटी की नई स्लैब व्यवस्था आमजन को बड़ी राहत देने वाली है और इसे देशवासियों के लिए दिवाली गिफ्ट बताया।
सांसद तिवाड़ी ने कहा कि पहले सेल्स टैक्स, सर्विस टैक्स, वेट जैसे अनेक कर लागू थे, लेकिन मोदी सरकार ने इन्हें समाहित कर जीएसटी लागू कर ऐतिहासिक सुधार किया। 2017 में लागू हुए जीएसटी के बाद सरकार को हर महीने 2 लाख करोड़ से अधिक का टैक्स राजस्व प्राप्त हो रहा था। अब मोदी सरकार ने जीएसटी की सैकेंड जनरेशन लागू करते हुए कर प्रणाली को सरल और प्रभावी बनाया है।
उन्होंने बताया कि पहले 5%, 12%, 18% और 28% की चार स्लैब थी, लेकिन अब इसमें दो स्लैब हटाकर केवल 5% और 12% रखा गया है। इससे चाय, दूध, दही, आटा, चावल, तेल, इडली-डोसा, चॉकलेट, मिठाइयों जैसी आवश्यक वस्तुएँ या तो टैक्स-फ्री होंगी या न्यूनतम दर पर उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही दवाइयाँ और मेडिकल उपकरणों पर कर में बड़ी कटौती की गई है, जिससे आम नागरिकों के जीवन में राहत मिलेगी।
सांसद तिवाड़ी ने कहा कि 22 सितंबर से नवरात्रि शुरू हो रही है और इस शुभ अवसर पर बाजार में खरीदारी बढ़ेगी। मातारानी के गज पर सवार होकर आने का प्रतीकात्मक संकेत व्यापार और अर्थव्यवस्था के लिए शुभ रहेगा। उन्होंने इसे मोदी सरकार की ओर से देशवासियों के लिए दिवाली का तोहफा बताया।
भाजपा ने प्रदेश और जिला स्तर पर कमेटियाँ गठित कर जीएसटी नेक्स्ट जेन सुधार को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान शुरू करने की योजना बनाई है। तिवाड़ी ने कहा कि यह सुधार हर वर्ग – किसान, महिला, युवा, व्यापारी, उद्योगपति – सभी के हित में है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का हवाला देते हुए कहा कि पहले केंद्र से जारी 1 रुपए में से केवल 15 पैसे ही जनता तक पहुँचते थे, लेकिन मोदी सरकार ने डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों तक राहत पहुँचाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि आवश्यक वस्तुओं को सस्ता और विलासिता की वस्तुओं पर 40% तक टैक्स लगाकर संतुलित आर्थिक विकास का मार्ग प्रशस्त किया गया है। सांसद तिवाड़ी ने इसे आर्थिक विकास का स्वर्णिम युग बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की।