लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
सेवा पखवाड़ा व आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान को जनता तक पहुँचाने का लिया संकल्प
राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी मुख्य अतिथि रहे
भीलवाड़ा । (विनोद सेन)। भारतीय जनता पार्टी के केंद्र एवं प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार भीलवाड़ा जिले में सेवा पखवाड़ा, आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान तथा नेक्स्ट-जनरेशन जीएसटी सुधार अभियान को लेकर भाजपा की जिला कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिला कार्यालय पर आयोजित इस कार्यशाला में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी मुख्य अतिथि रहे, जबकि भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा की अध्यक्षता में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
कार्यशाला में विधायक लादूलाल पीतलिया, उदयलाल भडाना, गोपीचंद मीणा, गोपाल खंडेलवाल, महापौर राकेश पाठक, पूर्व मंत्री कालूलाल गुर्जर, पूर्व विधायक विट्ठलशंकर अवस्थी, वरिष्ठ नेता पेंटर सूरज सहित अनेक गणमान्य नेता उपस्थित रहे।
जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया के अनुसार, मुख्य अतिथि अरुण चतुर्वेदी ने बताया कि भाजपा 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से 2 अक्टूबर गांधी व शास्त्री जयंती तक सेवा पखवाड़ा मनाएगी। इस दौरान स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर, नमो मैराथन, संगोष्ठियां, एक पेड़ मां के नाम, विशिष्ट व्यक्तियों का सम्मान, चित्रकला प्रतियोगिता और सांसद खेल महोत्सव जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे।
उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा केवल सेवा कार्यों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान और जीएसटी नेक्स्ट-जनरेशन सुधारों को लेकर भी जनता के बीच जाकर मोदी सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना होगा। उन्होंने पीएम मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘विकसित भारत 2047’ के विजन का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा का लक्ष्य भारत को परम वैभव की ओर ले जाना है।
जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने कहा कि सेवा पखवाड़ा जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथ स्तर तक व्यापक रूप से मनाया जाएगा। प्रत्येक कार्यकर्ता को शत-प्रतिशत योगदान देना होगा और जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करना होगा। साथ ही आत्मनिर्भर भारत अभियान तथा जीएसटी के नए प्रावधानों को आमजन तक पहुँचाने के लिए कई आयोजन किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीएसटी के माध्यम से आमजन को बड़ी राहत दी है और इसे जन-जन तक पहुँचाना कार्यकर्ताओं का दायित्व है।
कार्यशाला में नेक्स्ट-जनरेशन जीएसटी सुधार अभियान के जिला संयोजक महापौर राकेश पाठक, सेवा पखवाड़ा के संयोजक एवं जिला महामंत्री अविनाश जीनगर, आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के संयोजक विशाल गुरुजी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। स्वागत उद्बोधन जिला महामंत्री कन्हैयालाल जाट ने दिया जबकि कार्यक्रम का संचालन प्रहलाद त्रिपाठी ने किया। अंत में आभार जिला उपाध्यक्ष मंजू चेचाणी ने व्यक्त किया।
कार्यशाला में उपजिला प्रमुख शंकर गुर्जर, पूर्व जिला प्रमुख शक्तिसिंह हाड़ा, जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, संयोजक, सहसंयोजक सहित जिलेभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
