लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल): ऑल इंडिया फाइन आर्ट एंड क्राफ्ट सोसायटी, न्यू दिल्ली द्वारा आयोजित 13वीं डिजिटल आर्ट एग्ज़िबिशन 2026 में भीलवाड़ा की युवा कलाकार दीपिका पाराशर का चयन हुआ है। यह राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी आगामी 17 जनवरी 2026 को दिल्ली में आयोजित की जाएगी, जिसमें देशभर से चयनित 81 कलाकार अपनी डिजिटल कृतियाँ प्रस्तुत करेंगे।
दीपिका की चयनित कृति का शीर्षक “दीपसी” है, जिसे उन्होंने एचपी डिजिटल जेट प्रिंट तकनीक के माध्यम से बनाया है। इसके अलावा उनकी दूसरी कृति “गोइंग विद फ्लो” भी प्रदर्शनी में शामिल होगी। इन कृतियों में भावनात्मक अभिव्यक्ति, आधुनिक तकनीक और कलात्मक संतुलन का सुंदर मिश्रण देखा जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि दीपिका पाराशर की कला प्रतिभा इससे पूर्व भी देश की विभिन्न प्रतिष्ठित कला प्रदर्शनियों में चयनित हो चुकी है। उनकी कृतियाँ राष्ट्रीय स्तर की कई प्रदर्शनीयों में प्रदर्शित हुई हैं और कला समीक्षकों एवं दर्शकों द्वारा सराही जा चुकी हैं।
कला जगत से जुड़े लोगों का मानना है कि दीपिका का यह राष्ट्रीय स्तर पर चयन न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि भीलवाड़ा जैसे शहर से निकलकर राष्ट्रीय मंच पर पहचान बनाना युवा कलाकारों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके इस चयन पर जिले के कलाकारों, कला प्रेमियों और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


















































