लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
— ‘शहरी सेवा शिविर’ से आई नई चमक
जयपुर — दीपावली से पहले राजस्थान के शहरों में रोशनी की नई चमक दिखाई दे रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा आमजन को त्वरित सुविधा और नगरीय सेवाओं में सुधार के लिए प्रारंभ किए गए ‘शहरी सेवा शिविर’ अभियान ने प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में ऊर्जा और उत्साह का संचार किया है।
स्ट्रीट लाइट मरम्मत में बड़ी उपलब्धि
राज्य के विभिन्न नगरीय निकायों में कुल लगभग 16 लाख स्ट्रीट लाइटें स्थापित हैं। 17 सितम्बर से चल रहे इन शिविरों के दौरान स्ट्रीट लाइट से संबंधित 89,937 प्रकरण प्राप्त हुए। स्वायत्त शासन विभाग ने सभी प्रकरणों का निस्तारण समयबद्ध रूप से करते हुए आमजन को बड़ी राहत दी है।
37 हजार से अधिक नई लाइटों की स्थापना
शहरी सेवा शिविर के दौरान अब तक 37,952 नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जा चुकी हैं। इसके साथ ही अतिरिक्त 2 लाख लाइटें लगाने का कार्य और निविदा प्रक्रिया प्रगति पर है, जिसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।
दीपावली से पहले सड़कों और गलियों में फैली यह नई रोशनी नागरिकों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर रही है। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हर घर, हर गली और हर चौक रोशनी से नहाए, जिससे सुरक्षा, सुविधा और सौंदर्य का संगम हो सके।
‘शहरी सेवा शिविर’ इस बात का प्रतीक बन गया है कि जब प्रशासन जनता के द्वार तक पहुंचता है, तो विकास की रोशनी हर कोने तक पहुंचती है।