लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
कोटपूतली — दीपावली पर्व के अवसर पर शांति और सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाए रखने के लिए रविवार को कोटपूतली-बहरोड़ पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार बिश्नोई (IPS) के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान शहर के मुख्य मार्गों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल मार्च करते नजर आए।
फ्लैग मार्च में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक राजेंद्र बुरड़क, थानाधिकारी राजेश कुमार शर्मा सहित भारी पुलिस जाप्ता मौजूद रहा। अधिकारियों ने बाजारों में दुकानदारों और आमजन से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भरोसा दिलाया और शांति एवं सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
एसपी बिश्नोई ने बताया कि दीपावली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले भर में विशेष गश्त की जा रही है। पुलिस कर्मियों को अतिरिक्त चौकसी बरतने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता के निर्देश दिए गए हैं।
एएसपी वैभव शर्मा और डीएसपी राजेंद्र बुरड़क ने कहा कि शहर के हर क्षेत्र में गश्त और निगरानी को बढ़ाया गया है, ताकि नागरिक बिना किसी भय के पर्व का आनंद ले सकें।
शहरवासियों ने पुलिस के इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि फ्लैग मार्च से सुरक्षा और विश्वास का माहौल और भी मजबूत हुआ है।