लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। (आर.एन. सांवरिया)
राजस्थान पुलिस की आगामी भर्ती प्रक्रिया को लेकर पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी जिलों के अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली और भर्ती को पारदर्शी, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य निर्देश और दिशा-निर्देश
-
अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया से पहले उचित ब्रीफिंग दी जाए, ताकि किसी तरह की भ्रम की स्थिति न बने।
-
भर्ती स्थल पर मेडिकल टीम आवश्यक उपकरण और दवाईयों के साथ मौजूद रहे, ताकि किसी भी स्वास्थ्य आपात स्थिति में तुरंत उपचार संभव हो।
-
महिला उम्मीदवारों की सुविधा के लिए महिला चिकित्सक की उपस्थिति अनिवार्य।
-
व्यवस्था ऐसी हो कि अभ्यर्थियों को सहज और सुरक्षित माहौल मिले और भर्ती की गुणवत्ता एवं विश्वसनीयता बनी रहे।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में पुलिस मुख्यालय के वीसी हॉल में एडीजी (भर्ती) विपीन पांडे, एडीजी रूपिंदर सिंह, आईजी एस परिमला, आईजी प्रफुल्ल कुमार, एसपी सूचना सतवीर सिंह और एसपी शांतनु कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। जिलों के अधिकारी ऑनलाइन जुड़कर तैयारियों की जानकारी साझा कर रहे थे।
डीजीपी शर्मा ने सभी अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह से निष्पक्ष, सुरक्षित और अभ्यर्थी-केंद्रित हो।
