लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
सरकारी रियायती यात्रा सुविधा से वंचित हो रहे आमजन, छात्र और महिलाएं — चालू बस भी बार-बार हो रही खराब
समाचार:
डग (झालावाड़)। कभी राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (RSRTC) की करीब 40 बसें डग विधानसभा मुख्यालय से संचालित होती थीं, जिनसे आमजन, महिलाएं, विद्यार्थी, व्यापारी और दिव्यांगजन सरकारी रियायती यात्रा सुविधा का लाभ उठाते थे। लेकिन अब स्थिति यह है कि सिर्फ एक बस ही बची है — वह भी जर्जर हालत में।
पहले चौमहला–झालावाड़ और दुधालिया–झालावाड़ मार्ग पर दो बसें चलती थीं, लेकिन पिछले दो महीनों से चौमहला बस का संचालन बंद है। वर्तमान में केवल दुधालिया–झालावाड़ बस ही चल रही है, जो आए दिन ब्रेकडाउन का शिकार हो जाती है।
रविवार को बीच रास्ते में बस हुई खराब
दुधालिया से झालावाड़ जा रही बस डग पहुंचने से पहले ही रास्ते में बंद पड़ गई। चालक और परिचालक ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह बस को चालू किया। इस दौरान यात्रियों को भीषण गर्मी और इंतजार का सामना करना पड़ा, जबकि कई यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ा।
यात्रियों का दर्द — “ना जैक मिला, ना टॉनी”
बस में सफर कर रहे रवि कलाल ने बताया —
“जब बस पंचर हुई तो उसमें न तो जैक था, न टॉनी। इधर-उधर से मांगकर व्यवस्था करनी पड़ी। विधायक, प्रधान, सरपंच, जिला प्रमुख — सभी डग क्षेत्र से हैं, फिर भी यहां केवल एक कंडम बस ही दी गई है।”
उन्होंने बताया कि कई मरीजों को झालावाड़ अस्पताल पहुंचने में देरी हुई, जिससे उन्हें भी परेशानी झेलनी पड़ी।
स्थानीयों की चिंता
स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि इसी तरह रोडवेज सेवाएं घटती रहीं, तो आने वाले समय में सरकारी बस यात्रा एक “दिव्य स्वप्न” बनकर रह जाएगी।













































