Home crime साईबर ठगी का मुख्य आरोपी सागर चौधरी गिरफ्तार

साईबर ठगी का मुख्य आरोपी सागर चौधरी गिरफ्तार

0

 लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

मुनेश ठाकरे ब्यूरो चीफ धौलपुर

साईबर ठगी के बड़े मामले का खुलासा: सागर चौधरी ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार, ₹22 लाख की ठगी का मुख्य आरोपी
धौलपुर, राजस्थान: धौलपुर पुलिस की साईबर क्राइम यूनिट ने स्टॉक मार्केट में निवेश के नाम पर हुई 22 लाख रुपये की ठगी के मुख्य आरोपी सागर चौधरी को ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, सागर चौधरी के बैंक खातों में विभिन्न राज्यों से करीब 28 करोड़ रुपये की साईबर ठगी की शिकायतें मिली हैं।
लक्जरी जीवनशैली और ठगी का तरीका:
सागर चौधरी और उसके गिरोह के सदस्य लोगों को टेलीग्राम और व्हाट्सएप ग्रुप्स में जोड़कर उन्हें स्टॉक मार्केट में निवेश करने का लालच देते थे । गिरोह के अन्य सदस्य 2-3 गुना रिटर्न के फर्जी स्क्रीनशॉट साझा कर लोगों को झांसे में लेते थे।  एक बार जब पीड़ित पैसे ट्रांसफर कर देते थे, तो आरोपी उन्हें फर्जी वेबसाइटों पर निवेश का कई गुना रिटर्न दिखाते थे और उनसे अधिक निवेश करने के लिए कहते थे । जब पीड़ित अपने निवेश और मुनाफे को वापस मांगने की कोशिश करते थे, तो उनका खाता बंद कर दिया जाता था या वेबसाइट को निष्क्रिय कर दिया जाता था।  ठगी के इन पैसों से सागर चौधरी ग्रेटर नोएडा में एक शानदार जीवनशैली जी रहा था।

कार्रवाई और जांच:
यह गिरफ्तारी भरतपुर रेंज, भरतपुर के महानिरीक्षक  राहुल प्रकाश. द्वारा साईबर ठगों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान और जिला पुलिस अधीक्षक  सुमित मेहरडा . के निर्देशानुसार हुई है।  अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धौलपुर,  मनोज कुमार शर्मा आरपीएस, के करीबी पर्यवेक्षण में साईबर थाना धौलपुर टीम ने मुनेश कुमार आरपीएस के नेतृत्व में 19 जून 2025 को नोएडा से सागर चौधरी (पुत्र  ऋषि कुमार, जाति जाट, उम्र 23 साल, निवासी ग्राम बिसारा, थाना खैरा, जिला अलीगढ़, उत्तर प्रदेश) को हिरासत में लिया। जांच में अपराध प्रमाणित होने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
धौलपुर में दर्ज हुआ था सागर चौधरी के खिलाफ ठगी का मुकदमा
धौलपुर निवासी एक परिवादी ने 12 सितंबर 2024 को साईबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके साथ स्टॉक मार्केट में निवेश के नाम पर करीब 22 लाख रुपये की ठगी हुई है. साईबर थाना धौलपुर ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और उन बैंक खातों को फ्रीज कर दिया, जिनमें परिवादी से पैसे ट्रांसफर किए गए थे। संबंधित बैंकों से खाताधारकों का विवरण मंगाकर आरोपियों की पहचान की गई।
बरामद सामान और आगे की कार्रवाई:
अभियुक्त के कब्जे से 8 मोबाइल फोन, 33 एटीएम कार्ड, 6 चेक बुक, 17 बैंक पासबुक, पैसों का हिसाब रखने वाली 3 डायरियां और 1 कैश काउंटिंग मशीन जब्त की गई है।
गिरोह के अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश जारी है. सागर चौधरी के बैंक खातों में 28 करोड़ रुपये की साईबर ठगी की शिकायतों के संबंध में आगे की जांच की जा रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version