लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर । क्रीड़ा भारती जयपुर प्रांत के खेल कबड्डी खेल स्पर्धा का उद्घाटन कार्यक्रम उ०मा० आदर्श विद्या मंदिर राजा पार्क जयपुर के सभागार में रविवार को आयोजित हुआ।
कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए क्रीड़ा भारती के क्षेत्र संयोजक मेघसिंह चौहान ने बताया कि कबड्डी भारत का प्राचीन खेल है। 1936 में बर्लिन ओलम्पिक में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर कबड्डी को प्रदर्शन मैच के रूप में खेला गया था तथा टीम को पदक भी दिया गया था।
*भारत सरकार 2036 में ओलम्पिक खेल भारत में आयोजित करवाने का प्रयास कर रही है।कबड्डी के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्माण करने एवं 2036 के ओलम्पिक खेलों में कबड्डी सम्मिलित हो इसके लिए क्रीड़ा भारती, अखिल भारतीय स्तर पर प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में खेल कबड्डी खेल स्पर्धा आयोजित की जा रही है।
जयपुर प्रांत में यह आज से 28 फरवरी 2026 तक आयोजित होंगी। स्पर्धा में महिला व पुरुषों की चार आयु वर्ग 10 से 14 वर्ष, 14 से 19 वर्ष, 19 से 35 वर्ष एवं 35 वर्ष से ऊपर की टीमें भाग लेंगी। केवल जयपुर महानगर में ही 17 स्थानों पर 500 से अधिक टीमें खेलेंगी। अतिथियों ने जयपुर महानगर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाली कबड्डी स्पर्धाओं के पोस्टर का विमोचन किया।
