लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
राजेंद्र शर्मा जती की रिपोर्ट
भरतपुर के चिकसाना इलाके में स्थित महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल की हालत बेहद खराब हो चुकी है। स्कूल की बिल्डिंग जर्जर अवस्था में है, जिसकी वजह से बच्चों को रोजाना डर के साए में पढ़ाई करनी पड़ रही है। स्कूल प्रशासन कई बार इस समस्या को लेकर शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों को लिखित शिकायत दे चुका है, लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं निकला।
स्कूल परिसर में साफ-सफाई का भी अभाव है। जहरीले जीव-जंतु खुलेआम घूमते रहते हैं, जिससे बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। बारिश के मौसम में हालात और भी खराब हो जाते हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
आज ही राजस्थान के झालावाड़ जिले के पीपलोदी गांव में एक सरकारी स्कूल की छत गिर गई, जिसमें अब तक 7 मासूम बच्चों की मौत हो चुकी है और 30 से अधिक बच्चे घायल हुए हैं। सभी का इलाज नजदीकी अस्पताल में चल रहा है। यह हृदयविदारक घटना पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख देने वाली है।
भरतपुर में दो दिवसीय दौरे पर आए राज्य के शिक्षा राज्यमंत्री मदन दिलावर ने इस हादसे की गंभीरता को देखते हुए अपना दौरा तत्काल रद्द कर दिया और वे झालावाड़ घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। इस घटना ने प्रदेश के स्कूलों की जर्जर हालत और सरकारी उदासीनता की पोल खोल कर रख दी है।










































