लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सिद्धिविनायक इंटरनेशनल एकेडमी की छात्राओं ने रेनवाल थाने पहुंचकर पुलिसकर्मियों का किया सम्मान, मिठाई खिलाकर पहनाई राजस्थानी पगड़ी
किशनगढ़ रेनवाल। (नवीन कुमावत) रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर पचार रोड स्थित सिद्धिविनायक इंटरनेशनल एकेडमी की छात्राओं ने अनूठी पहल करते हुए पुलिसकर्मियों को रक्षासूत्र बांधकर उनके प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया। कक्षा 8वीं से 12वीं तक की छात्राएं रेनवाल पुलिस थाने पहुंचीं और पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधी।
पुलिसकर्मियों को बांधी राखी, खिलाई मिठाई
छात्राओं ने सहायक उप निरीक्षक प्रहलाद सिंह, सहायक उप निरीक्षक विजय सिंह पूनिया, हेड कांस्टेबल मोहनलाल, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार, महिला कांस्टेबल रिंकू एवं सुमन सहित पुलिस स्टाफ को राखी बांधी। इसके बाद छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया और राजस्थानी पगड़ी पहनाकर उनका सम्मान किया।
इस दौरान छात्राओं ने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात समाज की सुरक्षा में जुटे रहते हैं और विशेष रूप से बहन-बेटियों की सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधकर उन्होंने उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।
‘बहन-बेटियों की सुरक्षा के लिए हमेशा रहेंगे तत्पर’
कार्यक्रम के दौरान सहायक उप निरीक्षक विजय सिंह ने छात्राओं को उनकी सुरक्षा का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पुलिस हमेशा छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा के लिए तत्पर रहेगी तथा उनकी रक्षा के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
रक्षाबंधन के इस अवसर पर छात्राओं और पुलिसकर्मियों के बीच भाई-बहन के स्नेह एवं सुरक्षा का भाव देखने को मिला।
स्कूल स्टाफ भी रहा मौजूद
इस अवसर पर स्कूल निदेशक इंजीनियर रमेश कुमार कुमावत, मैनेजिंग डायरेक्टर मनीषा कुमावत, अनु कंवर, बसंत शर्मा, नरेंद्र मीणा, हरि सिंह एवं सुनीता कुमावत सहित विद्यालय एवं पुलिस थाने का स्टाफ मौजूद रहा।
कार्यक्रम ने रक्षाबंधन के पर्व को एक अलग सामाजिक संदेश से जोड़ा। छात्राओं ने राखी के माध्यम से उन ‘रक्षकों’ के प्रति सम्मान जताया, जो पूरे समाज की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाते हैं।