लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सफाई, सड़क, बिजली, पानी व सुरक्षा इंतजाम समय रहते पूरे करने के निर्देश
अजमेर (नितिन मेहरा)। अजमेर में आगामी दिनों में आयोजित होने वाले चेटीचण्ड महोत्सव को लेकर वासुदेव देवनानी ने जिला प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि आयोजन से पूर्व सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं, ताकि महोत्सव सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो सके।
चेटीचण्ड महोत्सव मेला समिति के तत्वावधान में 19, 20 एवं 21 मार्च को आयोजित होने वाले इस महोत्सव में प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं। सिंधी समाज की आस्था और सांस्कृतिक परंपरा से जुड़े इस पर्व के दौरान भव्य शोभायात्रा (बड़रा जुलूस) निकाली जाती है, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरती है।
सड़कों, सफाई और रोशनी की व्यवस्था के निर्देश
विधानसभा अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि शोभायात्रा मार्ग की सड़कों की मरम्मत, गड्ढों की भराई, पेचवर्क, मार्ग की साफ-सफाई तथा स्ट्रीट लाइट की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। आवारा पशुओं को मार्ग से हटाने की कार्यवाही भी की जाए।
इसके अलावा पाइपलाइन लीकेज दुरुस्त करने तथा शहर में नियमित जलापूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। शोभायात्रा में शामिल झांकियों की ऊंचाई को ध्यान में रखते हुए नीचे लटक रहे विद्युत, टेलीफोन एवं केबल तारों को व्यवस्थित कराने को भी कहा गया है।
ट्रैफिक व सुरक्षा व्यवस्था रहे पुख्ता
देवनानी ने वाहन रैली और शोभायात्रा मार्ग पर ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुख्ता बंदोबस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही शोभायात्रा के साथ चिकित्सीय टीम की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।
उन्होंने जिला कलक्टर को पत्र लिखकर निर्देशित किया है कि चेटीचण्ड महोत्सव-2026 के अंतर्गत आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के सफल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध निर्देश जारी किए जाएं।
प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजन समिति, समाज प्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित कर तैयारियों की समीक्षा करने पर जोर दिया गया है, ताकि यह महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन सुव्यवस्थित एवं निर्विघ्न रूप से सम्पन्न हो सके।

















































