लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़, भक्तिमय माहौल में गूंजे जयकारे
गौतम शर्मा,
राजसमंद। राजसमंद जिले के कुंवारिया कस्बे स्थित प्रसिद्ध बड़े चारभुजा नाथ मंदिर में बुधवार देर रात तक अन्नकुट एवं 56 भोग महोत्सव बड़े धार्मिक उत्साह और पारंपरिक श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही और घंटाघड़ियाओं की गूंज के साथ पूरा वातावरण भक्तिमय रंग में रंग गया।
समाजसेवी दिनेश चंद्र पंचोली ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी खेखरा पर्व के उपलक्ष्य में भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान प्रभु श्री चारभुजा नाथ का विशेष श्रृंगार किया गया और मंदिर को विद्युत झालरों व आकर्षक सजावट से दुल्हन की तरह सजाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में मंदिर के पुजारी बसंती लाल पाराशर द्वारा विशेष महाआरती की गई। इसके बाद परंपरा के अनुसार आदिवासी भील समुदाय द्वारा ‘अन्न लुटाई’ की रस्म निभाई गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने उल्लासपूर्वक भाग लिया। महिलाएँ भजन-कीर्तन गाते हुए प्रभु श्री चारभुजा नाथ के जयकारों से गगन गुंजाती रहीं।
पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति और आस्था का अद्भुत समागम देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने 56 भोग के दर्शन कर प्रभु से सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में चारभुजा मित्र मंडल के सदस्य — रमेश चंद्र पंचोली, सुनील वैष्णव, जितेश त्रिवेदी, अभिषेक शर्मा, टीनू शर्मा, प्रदीप खंडेलवाल, दुष्यंत पंचोली, रमेश दास और अशोक खंडेलवाल सहित अनेक समाजसेवियों और युवाओं का विशेष सहयोग रहा।













































