लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
दो दमकलों की मदद से 2 घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू, मची अफरातफरी
राजसमंद (गौतम शर्मा) । राजसमंद जिले के कुंवारिया थाना क्षेत्र स्थित बिनोल गांव के बाहर बने कन्या उपवन में रविवार दोपहर अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग की चपेट में उपवन में लगी चारे की घास सहित हरे-भरे पेड़-पौधे आ गए। आग लगने से क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया।
कन्या उपवन से उठते घने धुएं को देखकर राहगीरों ने तुरंत कुंवारिया पुलिस और पंचायत प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही बिनोल पंचायत के ग्राम विकास अधिकारी महावीर सिंह खिड़िया, प्रशासक सरपंच रामलाल गुर्जर और कुंवारिया थाना से कांस्टेबल पिंकेश कुमार व ओमप्रकाश मय जाप्ता मौके पर पहुंचे।
आग की गंभीरता को देखते हुए तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई। एक दमकल राजसमंद नगर परिषद से और दूसरी आमेट नगरपालिका से मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार आग उपवन में तीन-चार अलग-अलग हिस्सों में फैल गई थी और करीब 15 बीघा क्षेत्र इसकी चपेट में आ गया था। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से बड़ा नुकसान टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
घटना स्थल पर भू-अभिलेख निरीक्षक हरलाल पूर्बिया, पटवारी कुलदीप बोलीवाल, चिराग कुमार सोनी, प्रकाश चंद्र पालीवाल, कमलेश गाडरी, कपिल दवे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
















































