भीलवाड़ा में सीएनजी पंप पर एसडीएम से झगड़े का मामला ,अब पटवारी को कारण बताओ नोटिस?

0
211
- Advertisement -
भीलवाड़ा के चर्चित सीएनजी पंप विवाद का नया मोड़ —
एसडीएम पर कार्रवाई के बाद अब पटवारी को नोटिस!
सवाल उठा: जब झगड़ा अफसरों का था, तो पटवारी फंसा कैसे?

 

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क,
भीलवाड़ा। भीलवाड़ा के जसवंतपुरा स्थित सीएनजी पेट्रोल पंप पर आरएएस अधिकारी एवं प्रतापगढ़ के उपखंड अधिकारी छोटू लाल शर्मा और पेट्रोल पंप कर्मचारियों के बीच हुए विवाद का मामला अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। वायरल वीडियो के बाद सरकार ने जहां एसडीएम छोटू लाल शर्मा को निलंबित कर दिया, वहीं अब इस पूरे प्रकरण में एक स्थानीय पटवारी अक्षय कुमार जीनगर को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, पटवारी अक्षय कुमार जीनगर, जो बेरा बनेड़ा क्षेत्र में कार्यरत हैं, को उप तहसीलदार रायला, भीलवाड़ा ने कारण बताओ नोटिस भेजा है। नोटिस में कहा गया कि “आपके क्षेत्र में एक आरएएस अधिकारी के साथ पेट्रोल पंप पर मारपीट जैसी गंभीर घटना हुई, परंतु आपने इसकी सूचना अपने उच्चाधिकारियों को देना उचित नहीं समझा। यह आचरण अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है।”
मामले की खास बात यह है कि पटवारी का इस झगड़े से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं था। विवाद तो पंप पर सीएनजी भरवाने की प्राथमिकता को लेकर हुआ था। वीडियो वायरल होने के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मुकदमे दर्ज करा दिए, और सरकार ने एसडीएम को निलंबित भी कर दिया।
अब सवाल उठ रहा है कि जब पूरा मामला प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर निपट चुका है, तो एक पटवारी से जवाब क्यों मांगा जा रहा है?
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों का कहना है कि यह “सरकारी सिस्टम का गजब खेल” है — ‘गरीब की जोरू सबकी भाभी’ वाली कहावत इस पर बिल्कुल सटीक बैठती है।

पटवार संघ ने जताई नाराजगी

अब देखना यह होगा कि पटवारी अक्षय कुमार जीनगर इस नोटिस का क्या जवाब देते हैं, और क्या उप तहसीलदार कार्यालय आगे कोई कार्रवाई भी करता है या नहीं। इस नोटिस के साथ ही यह पूरा मामला एक बार फिर विवादित हो गया है अब पटवार संघ ने इस मामले की निंदा की है साथ ही नोटिस जारी करने वाले उप तहसीलदार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here