लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
बम्बई से लौटते वक्त गायब हुआ 32 वर्षीय युवक, पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू की
पादूकलां।
थाना क्षेत्र के गोठड़ा गांव निवासी बाबूलाल पुत्र फुलाराम ने अपने 32 वर्षीय भाई चेनाराम के लापता होने की रिपोर्ट पुलिस थाना पादूकलां में दर्ज करवाई है।
प्रार्थी के अनुसार चेनाराम 4 नवंबर को बम्बई से घर लौटते वक्त बिखरनिया खुर्द बस से उतरा था। कुछ देर बाद स्कूल के पास दीवार के समीप उसका कपड़ों से भरा बैग और चालू अवस्था में मोबाइल फोन मिला। बाद में फोन बंद हो गया, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिला।
परिजनों ने मौके पर पहुंचकर खोजबीन की, साथ ही आसपास के गांवों और रिश्तेदारों से भी जानकारी जुटाई, परंतु अब तक युवक का पता नहीं चल सका।
प्रार्थी ने बताया कि चेनाराम मानसिक रूप से मंदबुद्धि है, जिससे स्पष्ट बातचीत नहीं हो पाती थी। उसकी लंबाई लगभग 5 फुट 10 इंच और रंग हल्का-गौरा बताया गया है।
पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


















































