लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
परिजनों ने मांगी सरकारी नौकरी और मुआवजा
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)
अलीगढ़ थाना क्षेत्र के पाटोली गांव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 35 वर्षीय किसान रामरेश मीणा पुत्र बदरीलाल मीणा की बिजली के करंट से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, रामरेश खेत में लगी डीपी (डिस्ट्रीब्यूशन पॉइंट) पर चढ़कर बिजली के तार ठीक कर रहा था, तभी अचानक करंट आने से वह डीपी पर चिपक गया। हादसे में उसका एक हाथ और पैर शरीर से अलग हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। अलीगढ़ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। परिजन और ग्रामीणों ने मृतक के एक आश्रित को सरकारी नौकरी, आर्थिक सहायता और मुआवजा देने के साथ विधुत विभाग के जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की।
स्थिति को देखते हुए तहसीलदार मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाइश दी। मृतक के दो छोटे बच्चे (7 और 4 वर्ष) हैं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक की लहर व्याप्त है।













































