लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
लोकेशन: जोधपुर, राजस्थान
रिपोर्टर: बृजकिशोर पारीक
जोधपुर, राजस्थान। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जोधपुर सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान गहलोत ने कहा कि “बिहार में पोलिंग चल रही थी, लेकिन सरकारी योजनाओं का पैसा बांटा जा रहा था और चुनाव आयोग आंखें मूंदे बैठा रहा।”
उन्होंने कहा कि राजस्थान चुनाव में तो हमारी योजनाओं का पैसा भी बाहर नहीं आने दिया गया और कई योजनाएँ बंद करा दी गईं। गहलोत ने आरोप लगाया कि अब 12 राज्यों में एसआईआर हो रही है, लेकिन उत्तर प्रदेश में नहीं। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में भी केस चल रहा है।
चुनाव आयोग पर अविश्वास जताते हुए गहलोत ने कहा, “लगता है नीयत में खोट है।”
प्रदेश की स्थिति पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि राजस्थान में मुख्य सचिव बदलने के बाद भी सरकार की हालत खराब है। कानून व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि “प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नहीं बची है। अस्पतालों में भवन तो बने हैं, लेकिन उपकरण तक खरीद नहीं पा रहे।”
अंता उपचुनाव में कांग्रेस की जीत को सरकार के लिए बड़ा झटका बताते हुए उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री अब संभलेंगे और स्थिति सुधारेंगे।















































