लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। भारतीय जनता पार्टी की ओर से 25 जून को “लोकतंत्र की हत्या का काला अध्याय” विषय पर विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के संयोजक एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी ने बताया कि यह आयोजन सुबह 10 बजे दुर्गापुरा स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र के सभागार में होगा।
उन्होंने बताया कि संगोष्ठी में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहेंगे, जबकि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
परनामी ने कहा कि 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक संस्थाओं, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और नागरिक अधिकारों का दमन किया गया था। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को आपातकाल की घटनाओं और लोकतंत्र की रक्षा के महत्व से अवगत कराना है।
कार्यक्रम में मीसा बंदियों और लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान भी किया जाएगा। इसमें पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद् और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।
