लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर -पूर्व केंद्रीय मंत्री मणि शंकर अय्यर के एक बयान को लेकर जयपुर में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शंकर गौरा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कनोडिया कॉलेज के बाहर नारेबाजी करके प्रदर्शन किया। युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने इस दौरान मणि शंकर अय्यर का पुतला फूंका और विरोध भी दर्ज कराया। दरअसल मणि शंकर ने कनोडिया कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा था कि उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी के लिए अशोभनीय शब्द का उपयोग नहीं किया था। लेकिन मोदी जी और उनकी टीम ने और पूरी भारतीय जनता पार्टी ने इस शब्द को आधार बनाकर पूरा चुनाव लड़ा।
उन्होंने झूठ को सत्य साबित कर दिया, यह उनकी कला है। मणि शंकर अय्यर के बयान को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश है और भाजपा कार्यकर्ताओं ने राजस्थान सरकार से कनोडिया महाविद्यालय की मान्यता रद्द करने और प्रशासक नियुक्त करने की मांग की है। साथ ही मणि शंकर अय्यर से भी माफी मांगने की मांग की है। प्रदर्शन में जयपुर के पूर्व सांसद रामचरण बोरा भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता भूपेंद्र सैनी और युवा मोर्चा के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।