Home latest भगत की कोठी चेन्नई एक्सप्रेस का मोकलसर रेलवे स्टेशन पर ठहराव से...

भगत की कोठी चेन्नई एक्सप्रेस का मोकलसर रेलवे स्टेशन पर ठहराव से लोग खुश

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने भगत की कोठी–चेन्नई एग्मोर एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी,

सिवाना विधायक हमीर सिंह भायल भी रहे मौजूद,

समदड़ी , बालोतरा । बाड़मेर–जैसलमेर–बालोतरा संसदीय क्षेत्र के सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल के सतत और जनहितकारी प्रयासों से वर्षों से लंबित एक बड़ी मांग रविवार को साकार हो गई। रेलगाड़ी संख्या 20626 भगत की कोठी–चेन्नई एग्मोर एक्सप्रेस को मोकलसर रेलवे स्टेशन पर ठहराव प्रदान किया गया। इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई, खासकर दक्षिण भारत में रह रहे प्रवासियों में उत्साह देखा गया।

जनप्रतिनिधि भी रहे मौजूद
इस ऐतिहासिक अवसर पर रविवार सुबह 07:20 बजे मोकलसर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल, सिवाना विधायक हमीर सिंह भायल ने ट्रेन संख्या 20626 के प्रथम ठहराव के दौरान हरी झंडी दिखाकर रेलगाड़ी को रवाना किया। कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री गोपाराम मेघवाल, सिवाना प्रधान मुकन सिंह राजपुरोहित सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और प्रवासी परिवार उपस्थित रहे।

स्थानीय प्रवासियों को मिलेगी राहत

समारोह को संबोधित करते हुए सांसद बेनीवाल ने कहा कि मोकलसर स्टेशन पर इस ट्रेन का ठहराव लंबे समय से प्रवासियों की जायज़ और लंबित मांग थी। उन्होंने बताया कि इस मांग को उन्होंने रेलवे संसदीय समिति की बैठकों और रेल मंत्री से मुलाकात के दौरान प्रमुखता से उठाया, जिस पर स्वीकृति मिली। इसके लिए उन्होंने रेल मंत्री का क्षेत्रवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया।
सांसद बेनीवाल ने कहा कि इस ठहराव से मोकलसर कस्बे और आसपास के गांवों में व्यापार को गति मिलेगी। यह केवल एक रेल सुविधा नहीं, बल्कि प्रवासी श्रमिकों, विद्यार्थियों और व्यवसायियों के लिए आवागमन को सरल बनाने वाला महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने दोहराया कि जनता की हर जायज़ मांग को मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता रही है और आगे भी रेलवे सहित सभी प्रकार की कनेक्टिविटी और क्षेत्रीय विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।

ट्रेन संख्या 20626/20625 सप्ताह में पांच दिन संचालित होगी, जो भगत की कोठी से प्रस्थान कर सोमवार, बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार, रविवार तथा चेन्नई से प्रस्थान सोमवार, मंगलवार, गुरुवार, शनिवार, रविवार को चलेगी, यह ट्रेन पश्चिम राजस्थान के यात्रियों के लिए चेन्नई व दक्षिण भारत से सीधा रेल संपर्क प्रदान करती हैंI

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version