लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
क्रिकेट खेलने से इनकार पर एंटी टेररिस्ट फ्रंट प्रमुख का बड़ा बयान
जोधपुर। बांग्लादेश के बाद पाकिस्तान द्वारा भारत के साथ क्रिकेट खेलने से मना किए जाने को लेकर एंटी टेररिस्ट फ्रंट ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष एम.एस. बिट्टा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। जोधपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बिट्टा ने कहा कि पूरे विश्व में यदि कहीं भय और असुरक्षा का माहौल है, तो वह केवल पाकिस्तान और बांग्लादेश में है, जबकि भारत पूरी तरह सुरक्षित देश है।
एम.एस. बिट्टा ने कहा कि भारत में किसी को भी किसी प्रकार का खतरा नहीं है। उन्होंने दावा किया कि आज के समय में पाकिस्तान और बांग्लादेश आतंकवादियों के गढ़ बन चुके हैं, जहां आतंकियों को संरक्षण मिलता है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया के लिए अगर कहीं खतरा है, तो वह इन्हीं दो देशों से है।
बिट्टा ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हो रहे कथित अत्याचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां बड़ी संख्या में हिंदू समुदाय के लोगों की हत्या हुई है। उन्होंने कहा कि पहलगाम और पुलवामा जैसी घटनाएं, देश के विभिन्न हिस्सों में हुए बम धमाके, इन सबके पीछे पाकिस्तान की भूमिका रही है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारत न केवल सुरक्षित है, बल्कि भारत जैसे देश को पाकिस्तान और बांग्लादेश जैसे देशों के साथ खेलने की इच्छा भी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन देशों में बहू-बेटियां, बहनें और भाई सुरक्षित न हों, जहां घरों को आग के हवाले किया जाता हो और मंदिरों व गुरुद्वारों का अपमान होता हो, वहां खेल की बात कैसे की जा सकती है।
एम.एस. बिट्टा ने दो टूक कहा कि पूरे विश्व को पाकिस्तान से खतरा है, जबकि भारत में किसी को कोई खतरा नहीं है।















































