लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ — श्रीगंगानगर
श्रीगंगानगर।
भारत–पाक अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 500 ग्राम हेरोइन बरामद की है। यह कार्रवाई गुप्तचर एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर की गई।
जानकारी के अनुसार, यह हेरोइन श्रीकरणपुर सेक्टर के गांव 23 ओ की रोही क्षेत्र में एक पैकेट में बंद मिली, जिसका वजन लगभग 500 ग्राम है। प्रारंभिक जांच में संभावना जताई जा रही है कि यह खेप पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए भारत की सीमा में भेजी गई थी।
घटनास्थल पर बीएसएफ, पुलिस और गुप्तचर एजेंसियों की टीमें पहुंचीं और इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। संबंधित एजेंसियां तस्करों की तलाश में जुटी हुई हैं।
पहले भी हुई थी बड़ी बरामदगी
हाल ही में श्रीगंगानगर जिले में इसी तरह की कार्रवाई में 3 किलो हेरोइन बरामद की गई थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 15 करोड़ रुपये आंकी गई थी। वहीं, एक अन्य मामले में 2 किलो हेरोइन पकड़ी गई थी, जिसकी कीमत करीब 10 करोड़ रुपये बताई गई।
बीएसएफ, पुलिस और खुफिया एजेंसियों के अधिकारियों का कहना है कि पाकिस्तान द्वारा ड्रोन के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी की कोशिशें लगातार जारी हैं, लेकिन भारतीय सुरक्षा बल इन गतिविधियों पर कड़ी नजर रखे हुए हैं और सीमा पर गश्त को और सख्त किया गया है।















































