लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया)। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में सोमवार को कार्यकर्ता सुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान पशुपालन एवं डेयरी, गोपालन और देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत तथा राजस्व, उपनिवेशीकरण एवं सैनिक कल्याण विभाग के राज्य मंत्री विजय चौधरी ने पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनीं।
कार्यकर्ता सुनवाई के पश्चात मीडिया को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ता सुनवाई शुरू करने का यह ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया कि सुनवाई के दौरान पशुपालन विभाग से जुड़ी समस्याओं के साथ-साथ बिजली एवं पानी से संबंधित मुद्दे सामने आए, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। जहां आवश्यकता पड़ी, वहां संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखने के निर्देश भी दिए गए।
कुमावत ने कहा कि भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार राजस्थान को विकसित प्रदेश बनाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। इस लक्ष्य की प्राप्ति में भाजपा कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका है, इसलिए उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना और सुलझाया जा रहा है।
इस अवसर पर राज्य मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश में सुशासन स्थापित करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। मंत्रीगण अपने-अपने निवास स्थानों पर जनसुनवाई कर रहे हैं और अब पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं के लिए मंत्रियों की सुनवाई की व्यवस्था की गई है। इससे प्रत्येक कार्यकर्ता को सम्मान और महत्व मिलेगा तथा संगठन और अधिक सशक्त बनेगा।
कार्यकर्ता सुनवाई कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मंत्री अपूर्वा सिंह एवं नारायण मीणा भी उपस्थित रहे।